एक्टिवा स्कूटी चोरी कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार
Police solved the Activa scooty theft case, three accused arrested

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़। भगतपाड़ा बाल विद्यालय के सामने से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में पाकुड़ नगर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को चोरी की गई स्कूटी के साथ धर-दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल और पाकुड़ जिले के अपराधी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर 2025 को भगतपाड़ा बाल विद्यालय के सामने से एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक्टिवा स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH04K 8656) की चोरी कर ली गई थी। मामले को लेकर पीड़ित मरणध्वज धुनपुर्जा ने पाकुड़ नगर थाना में आवेदन दिया था। आवेदन के आलोक में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और मोटरसाइकिल चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान रात करीब 12:30 बजे मेकेनफो कॉलेज से ईसाकपुर की ओर जाने वाली सड़क पर तीन व्यक्तियों को चोरी की स्कूटी के साथ पकड़ा गया। स्कूटी की सत्यापन करने पर यह पुष्टि हुई कि वही स्कूटी 14 सितंबर को भगतपाड़ा विद्यालय के सामने से चोरी की गई थी। गिरफ्तार आरोपी में शुभम प्रसाद (उम्र 22 वर्ष, पिता स्व. परमेेश्वर प्रसाद, साकिन- मायसामा, थाना- रामपुरहाट, जिला- बीरभूम, प. बंगाल), रोनी शेख (उम्र 23 वर्ष, पिता- समद शेख, साकिन- बेलाचौधर) व बिबु शेख उर्फ जसीम शेख (उम्र 28 वर्ष, पिता- लोपुर शेख, साकिन- जानकी नगर, थाना मुफस्सिल, जिला पाकुड़) शामिल है। वही शुभम प्रसाद पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, लूट व डकैती के 6 मामले दर्ज हैं।रोनी शेख पर पाकुड़ नगर एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। जबकि बिबु शेख उर्फ जसीम शेख पर भी पाकुड़ नगर व मुफस्सिल थाना में तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बाबुल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार, एएसआई मिथुन रजक, एसआई राजीव कुमार राय समेत नगर थाना की सशस्त्र बल टीम शामिल रहे।



