एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन विकसित भारत का सपना करेगा साकार: प्रशांत गुप्ता

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित ‘शताब्दी संकल्प 2047’ कार्यक्रम में शिक्षा और नवाचार के आपसी संबंधों पर सारगर्भित चर्चा हुई। इस अवसर पर एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत गुप्ता ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षा-आधारित नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
प्रशांत गुप्ता ने कहा कि शिक्षा में नवाचार का समावेश ही युवाओं को सशक्त बनाकर भारत को आत्मनिर्भर और विश्व पटल पर अग्रणी बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने जोर दिया कि नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करता है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाता है।
इस अवसर पर मुख्य प्रधान सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, जिला मजिस्ट्रेट मेरठ तथा मुख्य विकास अधिकारी मेरठ भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को दिशा देने के साथ ही देश के विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के सभी वक्ताओं ने एक स्वर में माना कि शिक्षा और नवाचार के संगम से ही ‘सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत @2047’ का सपना साकार होगा।


