
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाज़ियाबाद। चर्चित देहाती फिल्मों के अभिनेता उत्तर कुमार को यौन शोषण और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में मंगलवार को गाज़ियाबाद कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गाज़ियाबाद पुलिस ने सोमवार को अभिनेता उत्तर कुमार को अमरोहा के एक फार्म हाउस से नाटकीय अंदाज़ में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लाई। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उन्हें यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।
इलाज के बाद जब स्वास्थ्य में सुधार हुआ, तो पुलिस ने उत्तर कुमार को मेडिकल जांच रिपोर्ट के साथ गाज़ियाबाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोर्ट परिसर और अस्पताल के बाहर भारी भीड़ देखने को मिली। अभिनेता के समर्थक और फिल्म जगत से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
गौरतलब है कि यह मामला साल 2020 का है, जिसमें एक अदाकारा ने अभिनेता उत्तर कुमार पर यौन शोषण और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की जाँच पूरी होने के बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की थी।
