अमरोहा
विधवा की जमीन पर सपा नेता का कब्जा
अमरोहा में पीड़िता ने सीएम से लगाई न्याय की गुहार, एसडीएम ने दिए जांच के आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की हसनपुर तहसील के गांव ढबारसी में एक विधवा महिला की जमीन पर कथित तौर पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता ने कब्जा कर लिया है। पीड़िता नूर बी ने बताया कि उनकी करीब दो बीघा कृषि भूमि (गाटा संख्या 166) पर गांव का एक सपा नेता अवैध कब्जा किए हुए है। नूर बी ने बताया कि वह एक गरीब और असहाय विधवा हैं। जब उन्होंने जमीन खाली करवाने की बात की, तो आरोपी नेता ने उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने इस मामले में कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब नूर बी ने उपजिलाधिकारी हसनपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। उपजिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है। प्रशासन की तत्परता से पीड़िता को न्याय मिलने की आस जगी है।


