बेतुल
बैतूल मानसिक रोगों की जांच और प्रबंधन पर 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगे शिविर 903 लोगों ने लिया लाभ
स्क्रीन टाइम से बचें पौष्टिक आहार लें मानसिक स्वास्थ्य पर आयुष विभाग ने दी महत्वपूर्ण सलाह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना अंतर्गत संचालनालय आयुष विभाग मध्य प्रदेश शासन भोपाल के आदेशानुसार बैतूल जिले में 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ योगेश चौकीकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस बार शिविर का विषय मानसिक स्वास्थ्य रोगों की जांच और बुनियादी प्रबंधन रखा गया। आयुर्वेद चिकित्सा में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी बराबर ध्यान दिया जाता है, इसे ध्यान में रखते हुए शिविर में आए लोगों को विस्तार से बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन, पर्याप्त नींद लेना, नियमित शारीरिक गतिविधियां करना बेहद जरूरी है। लोगों को समझाया गया कि अधिक सोशल मीडिया उपयोग से बचना, स्क्रीन टाइम कम करना, शराब, धूम्रपान और नशीली वस्तुओं से दूरी बनाना मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है।
शिविर में आने वाले रोगियों की ज्वर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, श्वास, कास, प्रतिश्याय, वात रोग और स्त्री रोगों की जांच की गई और आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। कुल 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 903 लाभार्थियों ने इन औषधियों का लाभ लिया। लोगों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों के लिए बेहद उपयोगी हैं।




