गोड्डा
बसंतराय के सुस्ती बोदरा डेरमा व कैथपुरा पंचायत में चलंत लोक अदालत का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पीडीजे रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर बसंतराय प्रखंड के सुस्ती, बोदरा, डेरमा व कैथपुरा पंचायत में चलंत लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान डालसा की टीम में शामिल एलएडीसी अजीत कुमार, आयुष राज, अधिवक्ता उमेश चंद्र झा, अधिकार मित्र नवीन कुमार, जायसवाल मांझी, केशव कुमार झा, सत्यम कुमार ,बिट्टू मंडल व सुनील कुमार साह, समाजसेवी कुंतेश झा ने ग्रामीणों व छात्र – छात्राओं को कानूनी व सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि कानून की नजर में देश के सभी नागरिक को समान अधिकार प्राप्त हैं। सभी को न्याय सुलभ कराना सरकार का दायित्व है। कोई भी न्याय से वंचित नहीं रहे, इसी के लिए जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य है कि देश के सभी नागरिकों को न्याय सुलभ हो सके। कोई भी न्याय से वंचित नहीं रहे इसी उद्देश्य जगह-जगह समाज के सभी वर्गों को कानून की जानकारी दी जाती है। खासकर के विद्यालयों में लीगल लिटरेसी क्लास का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बाल विवाह, बाल मजदूरी, दहेज प्रथा, मानव तस्करी, डायन प्रथा सहित अन्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला। कहा कि बाल मजदूरी को निषेध माना गया है। कोई भी संस्थान में अगर कोई बाल मजदूर पकड़ा जाता है तो उस संस्थान को जुर्माना तथा सजा का भी प्रावधान है। इसलिए बच्चों को पढ़ने का अवसर दिया जाए ताकि वह पढ़ लिखकर सफल नागरिक बन सकें। बोदरा में मुखिया प्रतिनिधि जनार्दन मंडल व महेशपुर में प्रधाना अध्यापक आसीत चौधरी ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।



