बहराइच
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जिले के अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बहराइच। उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया कि तहसील स्तर पर एसडीएम, सीओ व विद्युत विभाग के अधिकारी प्रत्येक माह जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का समाधान कराएं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री द्वारा सीएमओ को निर्देश दिये गये कि अभियान चलाकर समस्त सीएचसी व पीएचसी व स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वच्छता अभियान संचालित किया जाय। स्वच्छता के प्रति लापरवाह अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाये साथ ही मासिक रूप से सभी कार्यालयों में एक दिन स्वच्छता अभियान संचालित किया जाये जिसमें सभी अधिकारी व कर्मचारी शामिल हों। उप मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश दिया कि बैठक से अनुपस्थित रहने वाले जिम्मेदार अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित किये जाने की कार्यवाही की जाय।
आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि सभी कार्डधारकों को मानक के अनुसार चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करायी जाय। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने निर्देश दिया कि मेडिकल कालेज में मानक के अनुसार सभी संसाधन मुहैय्या कराये जाएं ताकि मेडिकल कालेज आने वाले मरीज़ों एवं तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाये। बिजली आपूर्ति की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि स्थानीय फाल्ट व ट्रांसफार्मर की मरम्मत इत्यादि का कार्य समय से पूर्ण करते हुए शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति में यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाते हुए उनका सहयोग भी प्राप्त किया जाय। विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि जो भी कार्य कराये जायें उसमें मानक व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय।
लाईन लास को कम करने के लिए अभियान संचालित करें तथा आमजन के फोन को अनिवार्य रूप से उठाया जाय। उन्होंने चिकित्सालय के निकट स्थापित बिलिंग काउण्टर तथा पानी टंकी चौराहा के निकट स्थापित ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने के लिए बिजनेस प्लान में शामिल करने के निर्देश दिये गये। वन्य जीव प्रभावित क्षेत्रों में चौबिसो घण्टे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम को निर्देश दिया कि अभियान संचालित कर बकाया वरासत की कार्यवाही की जाय ताकि आश्रितों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ प्राप्त करने में असुविधा न हो। रबी सीजन को देखते हुए जनपद में पर्याप्त उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाय तथा जमाखोरी व ओवररेटिंग करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाय। बैठक के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जनपद स्तर पर गठित विभिन्न प्रकार की कमेटियों को अद्यतन करते हुए उनकी नियमित बैठकें भी करायी जाये साथ ही धारा 24 से सम्बन्धित लम्बित प्रकरणों का चरणबद्ध निस्तारण कराया जाय। डीएम ने बताया कि जनपद में 600 प्रकरण चिन्हित किये गये है जिसका निस्तारण यथाशीघ्र करा दिया जायेगा। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने यह भी निर्देश दिया कि अभियान संचालित कर चकमार्गों व चरागाहों को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उन्हें उपयोग में लाया जाय तथा कछार क्षेत्र के सीमांकन के लिए भी अभियान चलाया जाय।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद के गौआश्रय स्थल सीस्ीटीवी कैमरों से आच्छादित हैं जिसका कन्ट्रोल रूम विकास भवन में स्थापित है। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने जनप्रतिनिधियों को सुझाव दिया कि समय समय पर आप लोग भी कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते रहें। सभी प्रकार की पेंशन की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करा दी जाय। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं से भी आच्छादित किया जाय। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य द्वारा सिचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि जनपद की सिचाई संसाधनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग में लाया जाय। राजकीय नलकूपों की सूची मा. जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करायी जाय।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, सांसद बहराइच डॉ. आनन्द कुमार गोंड, एम.एल.सी. पदमसेन चौधरी व डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, पयागपुर के सुभाष त्रिपाठी, बलहा की श्रीमती सरोज सोनकर, नानपारा के राम निवास वर्मा, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा बृजेश पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, एडीएम अमित कुमार, डीएफओ बहराइच राम सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



