गोड्डा
स्वच्छता ही सेवा अभियान का गोड्डा डीसी ने जिला स्तर पर किया शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव द्वारा किया गया। मौके पर शहरवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी और साफ-सफाई को जनांदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।
स्वच्छता को लेकर जिलेवासियों से अपील : इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले को कूड़ा मुक्त और स्वच्छ शहर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। यह अभियान 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा और इस दौरान हर दिन स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि घर, कार्यालय और प्रतिष्ठानों में गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से करें. कचरे को सड़कों पर न फेंकें, बल्कि निगम के निर्धारित वाहनों में ही डालें। यह प्रयास न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगा बल्कि सभी को स्वस्थ वातावरण भी देगा। उपायुक्त ने कहा कि 2025 का थीम स्वच्छोत्स्व रखी गई है। अभियान के क्रम में 25 सितंबर 2025 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विशेष राष्ट्रव्यापी स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा 02 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में मनाया जाएगा। अभियान के दौरान सभी विभागों—पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर विकास एवं आवास, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग—आदि की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम पांच प्रमुख केंद्रित गतिविधियों पर आधारित होगा :
कचरे के ढेर की साफ-सफाई,
सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन, स्वच्छ हरित उत्सव का आयोजन, स्वच्छता हेतु विशेष जन-जागरूकता गतिविधियां शामिल हैं।
सभी प्रखंडों में चलेगा स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम :
जिले के सभी प्रखंडों में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में निर्धारित गतिविधियों को किया जाना है।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद कुमार अग्रवाल कार्यपालक अभियंता संजय कुमार शर्मा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग गोड्डा एवं जिलास्तरीय पदाधिकारी, जिला समन्वयक IEC शत्रुघ्न प्रसाद,सहित समेत संबंधित पदाधिकारी एवं नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे।




