अमरोहा
शॉर्ट सर्किट से मोबिल ऑयल की दुकान में आग
पार्क के सामने घटना, लाखों का सामान जला, फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने पाया काबू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में अवंतिका पार्क के सामने स्थित एक मोबिल ऑयल की दुकान में बीती रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गजरौला शहर में बस्ती इलाके में यह दुकान सोनू चौधरी की है, जिसका मकान दुकान के ठीक पीछे है। गुरुवार रात करीब आठ बजे सोनू दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात लगभग दो बजे दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख उनके और आसपास के लोगों के होश उड़ गए। इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान मालिक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को फैलने से रोका और लगभग दो घंटे में उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। पीड़ित दुकान मालिक सोनू चौधरी ने बताया कि आग के कारण दुकान में रखा मोबिल ऑयल, अन्य सामान और उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है।




