गोड्डा
दुर्गा मंदिर परिसर में खराब चापाकल का बीडीओ ने किया निरीक्षण, शीघ्र मरम्मती का निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा (पथरगामा ) :- पथरगामा बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित चापाकल के खराब होने की सूचना प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम स्वयं मंदिर परिसर पहुंचे और चापाकल की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने मौके से ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता रूपेश कुमार से फोन पर बात की और तत्काल चापाकल की मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनज़र श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बीडीओ ने कहा कि पूजा के दौरान पेयजल की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं और मंदिर समिति को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने संबंधित विभाग को अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने बीडीओ द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।



