झारखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ने वृद्धाश्रम सोनाजोड़ी में विधिक साक्षरता क्लब एवं औषधालय का किया उद्घाटन
Justice of Jharkhand High Court inaugurated Legal Literacy Club and Dispensary at Old Age Home, Sonajodi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने आज पाकुड़ जिले के सोनाजोड़ी स्थित वृद्धाश्रम परिसर में विधिक साक्षरता क्लब एवं औषधालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शेषनाथ सिंह, उपायुक्त श्री मनीष कुमार, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री सौरभ चन्द्रा समेत अन्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजनों के लिए विधिक जागरूकता और स्वास्थ्य सुविधाएँ दोनों ही जीवन की गरिमा और सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं। विधिक साक्षरता क्लब की स्थापना से वृद्धजनों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी सरलता से उपलब्ध होगी। वहीं औषधालय की सुविधा से उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श और दवाओं का लाभ मिलेगा। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इस प्रकार की सुविधाओं से वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा और वे सम्मानपूर्वक एवं स्वस्थ जीवन जी सकेंगे। न्यायमूर्ति व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं उपायुक्त व जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी के द्वारा वृद्धजनों के बीच फल एवं कपड़ों का वितरण किया और आश्रय गृह परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौके पर वृद्धा आश्रम में जन लोक कल्याण परिषद के सचिव सरोज कुमार झा एवं आरती कुमारी मौजूद थे।


