कुख्यात अपराधी को पाकुड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार, लूट समेत 23 मामलों में था अपराधिक इतिहास
Pakur police arrested a notorious criminal with a criminal history of 23 cases, including robbery.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों से जुड़े दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया। दोनों अपराधियों पर हत्या, लूट, रंगदारी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप है। जानकारी के अनुसार, बीते 12 सितम्बर की सुबह अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सोनाजोड़ी चौक से पांडे टोला जाने वाली सड़क पर हथियारबंद अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया था। इस घटना में अपराधियों ने वाहन रोककर लूटपाट की और जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। लगातार तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना पर निगरानी रखते हुए पुलिस टीम ने 18 सितम्बर की सुबह छापामारी कर दोनों अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मंजुलु मुर्मू उर्फ मंजुलु मरांडी (थाना शिकरपुर) और कोलाय हांसदा (थाना कोलायडीह) के रूप में हुई है।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद किया। पूछताछ में दोनों ने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और अवैध हथियार का कारोबार प्रमुख है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने बताया की बीते दिनों हुई पाकुड़ कांड से भी संलिप्तता प्रकाश में आया है। आमजन से भी अपील की गई है कि अपराधियों की गतिविधियों की सूचना तुरन्त पुलिस को दे, ताकि समय पर कार्रवाई सम्भव हो सके।



