मथुरा

राष्ट्रपति के आगमन से पहले संवरेगी वृंदावन की सूरत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। वृंदावन में राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने शहर को सजाने-संवारने की तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के प्रस्तावित मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसके लिए लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग जहां सड़कों को ठीक करा रहा है तो नगर निगम अतिक्रमण मुक्त करने के साथ साथ मार्ग को चमकाने का काम कर रहा है। गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 सितंबर को वृंदावन आ रही हैं। बांकेबिहारी मंदिर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। जिन मार्गों से उनका काफिला निकलेगा, वहां सड़क सुधार, रंगाई-पुताई, स्वच्छता अभियान और फूलों के गमलों की सजावट जैसे कार्य किए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों और स्वागत द्वारों को भी आकर्षक रूप देने की योजना है। सहायक नगरायुक्त अनुज कौशिक ने बताया कि निगम की टीम अपने कार्य में जुटी हुई है। ब्रज में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। सुदामा कुटी में भव्य तरीके से स्वागत करने की तैयारी चल रही है। सुदामा कुटी के मंहत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने बताया कि सुदामा कुटी आश्रम के संस्थापक परम संत गोलोकवासी सुदामा दास जी महाराज के श्री धाम वृंदावन आगमन के सौ वर्ष होने पर मनाए जाने वाले शताब्दी वर्ष महोत्सव से पहले उनकी भजन कुटी का लोकार्पण राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू करेंगी। महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने बताया कि इस भजन कुटी का लोकार्पण करने के अलावा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आश्रम में पारिजात का पौधरोपण करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू छटीकरा स्थित वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन से सड़क मार्ग के जरिए आश्रम पहुंचेंगी। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मार्ग का जायजा लिया और अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। राष्ट्रपति ट्रेन द्वारा छटीकरा स्थित वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन उतरेंगी। जिसके बाद वह कार द्वारा वृंदावन जाएंगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button