
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बसंतराय। प्रखंड के सनोर गांव में नवरात्र पूजा के लिए भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। मौके पर पुजारी जटाशंकर चौधरी, यजमान श्वेता मिश्रा व डबलू मिश्रा के नेतृत्व में कलश यात्रा सनोर गांव स्थित दुर्गा पूजा पंडाल से शुरू हुई और सनोर गांव होते हुए गेरूआ नदी के तट तक पहुंची। वहां से श्रद्धालुओं ने गेरूआ नदी के पवित्र जल को कलश में भरकर सनोर मोड होते हुए पुनः पूजा पंडाल तक पहुंचे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर जय दुर्गे के नारे लगाए। यात्रा सनोर गांव से शुरू हुई। महिलाएं सिर पर कलश लेकर कतारबद्ध चलीं। पुरोहितों के मंत्रोच्चारण के बीच यात्रा सनोर गेरूआ घाट तक पहुंची।
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष साजन मिश्रा ने बताया कि कलश यात्रा शुरू होने से पहले विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद कलश यात्रा की शुरुआत हुई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। घाट पर विधिवत जल पूजन और कलश स्थापना की गई। गांव और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटे। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन से वातावरण आध्यात्मिक हो गया। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। प्रसाद वितरण के बाद यात्रा सनोर लौटकर संपन्न हुई। बता दें कि सनोर गांव में दुर्गा पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल है। कलश यात्रा के दौरान पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल है। इस आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक चेतना और एकता की भावना मजबूत होगी।



