अमरोहा
सिंचाई विभाग के ठेकेदार और ड्राइवर की मौत का मामला
क्राइम इंस्पेक्टर पर अभद्रता का आरोप, परिजनों का गजरौला थाने में प्रदर्श

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला में चार महीने पहले सिंचाई विभाग के ठेकेदार देव ऋषि उर्फ दीपक जाटव और उनके ड्राइवर इंद्रपाल सैनी की संदिग्ध मौत का मामला अभी तक नहीं सुलझ पाया है। दोनों का शव 29 मई की सुबह एक बंद घर में मिला था। पुलिस दम घुटने से मौत का मामला मान रही है। वहीं, पीड़ित परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है। मामले की जांच क्राइम इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह कर रहे हैं। ठेकेदार के पिता रिटायर्ड शिक्षक अतरपाल सिंह और बहन हेमलता को बयान दर्ज करने के लिए सीओ ऑफिस बुलाया गया था। परिवार का आरोप है कि क्राइम इंस्पेक्टर ने उनके साथ अभद्रता की। इस दौरान ठेकेदार की बहन बेहोश हो गईं। इससे नाराज होकर परिजन समाज के लोगों के साथ गजरौला थाने पहुंचे। उन्होंने क्राइम इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की और जांच दूसरे अधिकारी को सौंपने की मांग की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही आगे की कार्रवाई होगी। विरोध प्रदर्शन में जिला जाटव महासभा के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



