
जिलाधिकारी के आदेश धरे के धरे कॉलोनी में कर वॉशिंग सेंटर बिंदास चालू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : इंदिरा एंक्लेव कॉलोनी में चल रहे कार वॉशिंग सेंटरों पर कार्यवाही करने के जिलाधिकारी के आदेश मानो ‘फाइलों की नींद’ में सो रहे हैं। सिचाई विभाग और नगर पालिका परिषद के लिए ये आदेश किसी सलाह से ज्यादा कुछ नहीं लगते।
यह खुलासा 21 सितंबर को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में हुआ जब शिकायतकर्ता धर्मपाल शर्मा ने जिलाधिकारी को संबोधित अपना शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा एंक्लेव कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर कार वॉशिंग सेंटर अधिकारी की मिलीभगत व संरक्षण में खुलेआम चल रहे हैं और लाखों लीटर पानी रोज़ बर्बाद हो रहा है।
धर्मपाल शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल 2025 को शिकायत संख्या 0321 समाधान दिवस पर दर्ज की गई थी, जिस पर तत्कालीन कार्यवाही करते हुए तीन वॉशिंग सेंटर सील किए गए थे। लेकिन कुछ ही दिनों बाद एक वाशिंग सेंटर फिर से चालू हो गया।
शिकायतकर्ता धर्मपाल शर्मा का आरोप है कि सिंचाई विभाग की नोडल अधिकारी पहले से ही सेंटर संचालकों को खबर दे देती हैं, जिससे वे कार्यवाही होने से बच जाते हैं। शासन के नियमों के मुताबिक शिकायत कर्ता की शिकायत गोपनीय रखी जानी चाहिए, लेकिन यहाँ तो गोपनीयता का ‘ढोल’ सड़क पर बजा दिया जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिलाधिकारी के आदेश ही कागज़ में कैद होकर धूल खा रहे हों तो न्याय की उम्मीद करना मज़ाक जैसा लगता है। लगता है कि आदेश सिर्फ़ दिखावे के लिए होते हैं और असली ताक़त तो उन सेंटर मालिकों के पास है, जो हर कार्यवाही के बाद और मज़बूत होकर लौटते हैं।
देखना है कि उक्त वाशिंग सैन्टरो के खिलाफ कब तक कार्यवाही होगी या फिर दिखावे के नाम पर जांच चलती रहेगी।
