इन्द्रप्रस्थ कॉलेज मुंडावर में 150 से अधिक शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल -तिजारा : मुंडावर उपखण्ड स्थित इन्द्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय में एनएसएस यूनिट और रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान और मुंडावर के उद्योगपति कृष्ण कुमार गुर्जर की अध्यक्षता में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के 150 से अधिक शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, महाविद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं तथा स्वयंसेविकाओं को प्रतीक चिन्ह और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ. डी. आर. शर्मा के द्वारा महाविद्यालय की उपलब्धियों और विशेषताओं का उल्लेख किया गया तथा प्रतिवेदन पढ़ा गया। छात्राओं के द्वारा समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई तथा अपनी बेहतरीन कलाओं का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर डॉ. डी. आर. शर्मा ने कहा कि महिलाएं इस समय प्रत्येक क्षेत्र में बड़ी लगन और मेहनत के साथ अपने कार्यों का संपादन कर रही हैं। छात्राएं एक लक्ष्य निर्धारित करके अपने जीवन में आगे बढ़ें, तो निश्चित रूप से सफलता की उच्चतम मंजिल को प्राप्त कर सकती हैं। भारतीय महिलाओं ने अपनी ताकत और सामर्थ्य के बल पर पाताल से लेकर आकाश तक संपूर्ण ब्रह्मांड को नाप दिया है तथा बड़े-बड़े पदों पर सफलतम नेतृत्व के साथ कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर मुंडावर के उद्योगपति कृष्ण कुमार गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में जो भी गरीब छात्राएं हैं, उसका संपूर्ण खर्चा उनके द्वारा उठाया जाएगा। समारोह में युवा नेता महेश गुर्जर, राहुल मुक्कड़, सुंदर लाल शर्मा, उद्योगपति कृष्ण कुमार, यशवंत चौधरी, ईश्वर चंद गौतम, चरण सिंह गुर्जर, अलवर से आए गौ रक्षक दल के सदस्य और समाजसेवी सोनू पटेल गुर्जर, पीआर कसाना, संतराम पटेल, सागर गुर्जर, डॉ. भगवान शर्मा, डॉ. प्रेमलता शर्मा, शिक्षाविद अभिनव शर्मा, सहायक प्रोफेसर नेहा चौधरी, नीतू चौधरी एवं अनिता चौधरी सहित अनेक विद्वानों के द्वारा सम्मान समारोह में शिरकत की गई।
