बरेली
यात्रियों को सहूलियत देनी के लिए चलेंगी अंतरराज्यीय मार्गों पर रोडवेज की एसी-स्लीपर बसें

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। दीपावली, छठ पूजा के दौरान रोडवेज बरेली से 15 नए मार्गों पर बस सेवा शुरू करेगा। साथ ही, निजी ट्रैवल एजेंसियों से मिल रही चुनौती से निपटने के लिए अंतरराज्यीय सेवाओं के विस्तार की कवायद भी तेज हो गई है। रोडवेज अपने बेड़े में बसों की संख्या बढ़ा रहा है। बेड़े में नई एसी, वॉल्वो और स्लीपर श्रेणी की बसों को शामिल किया जा रहा है।
पिछले दिनों 20 नई एसी बसें मिलने के बाद बरेली परिक्षेत्र में इनकी संख्या अब 52 हो गई है। इनमें से बरेली और रुहेलखंड को आठ-आठ, बदायूं और पीलीभीत को दो-दो बसें आवंटित की गई हैं। दीपावली से पहले चार वॉल्वो और चार एसी स्लीपर बसें भी मिल जाएंगी।
अंतरराज्यीय बस सेवा के नाम पर परिक्षेत्र की बसें दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और चंडीगढ़ जाती हैं। मथुरा, आगरा, जयपुर के लिए ट्रेनों की संख्या कम होने से इस रूट पर बसों की संख्या ज्यादा है। अब इस रूट पर एसी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने कहा कि त्योहारी सीजन में किसी रूट पर बसों की कमी नहीं रहेगी। नए रूटों पर भी एसी बस सेवा शुरू की जा रही है। अंतरराज्यीय बस सेवा को भी विस्तार दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में 15 नए रूटों पर बस सेवा शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।



