अमरोहा
स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी
अमरोहा में बिना दस्तावेज वाले 5 अस्पतालों की ओटी सील, एक को पूरी तरह बंद किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर नगर में मोहल्ला कालाशहीद में एक नवजात शिशु का शव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। विभाग ने पूठ रोड पर अवैध रूप से चल रहे अस्पताल और क्लिनिकों पर छापेमारी की।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी और नोडल अधिकारी डॉक्टर धुर्वेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने हिंद नर्सिंग होम, गुलशन नर्सिंग होम, शिवकेश हैल्थ केयर सेंटर, आस्था हेल्थ केयर सेंटर और जर्रा हेल्थ केयर सेंटर की ऑपरेशन थिएटर सील कर दी। जर्रा हेल्थ केयर सेंटर को पूरी तरह से बंद कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पताल संचालकों को अपने दस्तावेज दिखाने के लिए तीन दिन का समय दिया है। यदि दस्तावेज पर्याप्त नहीं पाए गए तो विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। छापेमारी के दौरान कुछ अस्पताल संचालक अपने प्रतिष्ठान में ताला लगाकर फरार हो गए। डॉक्टर धुर्वेन्द्र सिंह ने कहा कि यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी अस्पताल को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।



