छात्राओं को किया गया सम्मानित, विज्ञान प्रदर्शनी में दिखाया हुनर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। शहर के श्री यमुना इंटर कॉलेज में बुधवार को एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह का आयोजन विद्यालय की उन छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए किया गया जिन्होंने हाल ही में शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की मेधावी छात्राएँ दिव्या और नगमा ने जीव विज्ञान विषय में “पादप ऊतक संवर्द्धन” विषय पर एक अभिनव मॉडल प्रस्तुत किया। उनके इस मॉडल को निर्णायकों ने सराहा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित किया।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य मुकेश राज शर्मा एवं गाइड शिक्षक पारूल सिंघल ने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्रदान किया और कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएँ छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर डॉ. राधे श्याम सिंह, सभी विज्ञान शिक्षक तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह के दौरान शिक्षकों ने छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी में जो मॉडल प्रस्तुत किया है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि छात्राएँ आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी अपना परचम लहराएँगी।



