अमरोहा

अमरोहा में रामलीला देखने गए युवक की मौत

मारपीट के तीन दिन बाद दम तोड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में रामलीला देखने गए एक युवक की मारपीट के तीन दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक बाल अपचारी अभी फरार है। यह घटना 12 सितंबर की रात गांव बीवड़ा कलां में हुई थी। सोमपाल सिंह के बेटे आकाश को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटा था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया था।
तीन दिन बाद मेरठ में उपचार के दौरान घायल की मौत
तीन दिन बाद मेरठ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आकाश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और झांसी में शादी समारोहों में डेकोरेशन का काम करता था। वह 10 सितंबर को ही झांसी से अपने घर लौटा था। 12 सितंबर की रात वह गांव में चल रही रामलीला देखने गया था, जहां उस पर हमला हुआ।
पुलिस ने गांव के ही दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
शुरुआत में पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब थाना पुलिस ने गांव के ही सोवीर सिंह और नीटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि 10 सितंबर की रात सोवीर, नीटू और एक बाल अपचारी का विवाद आकाश के छोटे भाई से हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए तीनों ने मिलकर आकाश के साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक और डंडा भी बरामद कर लिया है। इस मामले में शामिल तीसरा बाल अपचारी अभी फरार है, जिसे पुलिस जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button