अमरोहा
अमरोहा में अवैध बाल क्लिनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा
मशीन में मिले चार नवजात शिशु, क्लिनिक सील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
जनपद के हसनपुर नगर में स्वास्थ्य विभाग ने एक अवैध बाल क्लिनिक पर छापा मारा है। यह कार्रवाई एक सील की गई ओटी में गर्भवती महिला की डिलीवरी के मामले के बाद की गई। छापेमारी के दौरान क्लिनिक के अंदर मशीन में चार नवजात शिशु मिले, जिसके बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को सूचना मिली थी कि पूठ रोड पर स्थित एक अस्पताल की ओटी, जिसे दो दिन पहले सील किया गया था, वहां एक गर्भवती महिला की डिलीवरी कराई गई थी। बताया गया कि शिशु को पास के एक क्लिनिक की मशीन में रखा गया है। इस सूचना पर नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह ने टीम के साथ श्री कृष्णा बाल क्लिनिक पर छापा मारा। टीम के पहुंचने पर क्लिनिक का चिकित्सक मौके से फरार था, जबकि उसका एक सहायक वहां मौजूद मिला। टीम ने क्लिनिक के भीतर एक कमरे में जांच की, जहां मशीन में चार नवजात शिशु रखे हुए थे। इनमें से एक शिशु के परिजन मौके पर मौजूद थे, जबकि तीन अन्य शिशुओं के परिवार का कोई सदस्य वहां नहीं था। बाद में,शिशुओं के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। स्वास्थ्य विभाग ने शिशुओं को अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद शिशुओं को उनके परिवार के लोग अपने साथ ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी और नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुवेंद्र ने पुष्टि की कि अवैध रूप से चल रहे इस बाल क्लिनिक को सील कर दिया गया है।




