मुखिया की पहल पर लगा नया ट्रांसफार्मर
A new transformer was installed at the initiative of the chief.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सदर प्रखंड अंतर्गत नवादा पंचायत के नवादा गांव स्थित पश्चिम टोला के बाशिंदे इन दिनों भीषण परेशानी झेल रहे हैं। कारण यह है कि गांव का ट्रांसफार्मर चार दिन पहले जल गया, जिसके बाद से पूरे टोले में अंधेरा पसरा हुआ है। चार दिनों से लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है तो वहीं घरेलू कामकाज पर भी काफी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रात होते ही पूरा टोला अंधेरे में डूब जाता है जिससे लोगों को सुरक्षा को लेकर भी चिंता सताने लगी है।इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नवादा पंचायत के मुखिया हजरत बिलाल ने पहल की है। उन्होंने पाकुड़ के सहायक विद्युत अभियंता को पत्र लिखकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने का आग्रह किया है। इतना ही नहीं, मुखिया स्वयं अभियंता से मिलकर स्थिति की जानकारी दी और गांववालों की समस्या से अवगत कराया।सहायक विद्युत अभियंता ने भरोसा दिलाया है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलकर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इससे गांव में बिजली की आपूर्ति बहाल हो जाएगी और लोगों को मौजूदा परेशानी से निजात मिलेगी। ग्रामीणों का मानना है कि मुखिया हजरत बिलाल की त्वरित पहल से उनकी समस्या का जल्द समाधान संभव हो पाया है। अब सबकी नजर बिजली विभाग पर टिकी है कि आखिर कितनी जल्दी नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव को अंधेरे से राहत दिलाई जाती है।



