बेतुल

बैतूल मानव तस्करी एवं बाल विवाह रोकथाम के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। चिचोली ब्लॉक के मंगल भवन में मानव तस्करी एवं बाल विवाह की रोकथाम विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रदीपन संस्था बैतूल की सचिव श्रीमती रेखा गुजरे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में 130 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास विभाग चिचोली की सुपरवाइजर श्रीमती प्रतिभा धुर्वे, श्रीमती सीमा यादव एवं बेनजीर के स्वागत के साथ हुआ। प्रदीपन संस्था की कार्यकर्ता चारू वर्मा ने बाल विवाह को गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि यह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि कहीं पर नाबालिग विवाह की जानकारी मिले तो वे विवाह रोकने के लिए तुरंत पहल करें और आवश्यकता पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, सीएमपीओ, जिला प्रशासन एवं पंचायत प्रतिनिधियों को सूचना दें।
कार्यशाला में बताया कि हर पंचायत में विवाह रजिस्टर रखना अनिवार्य है, ताकि बाल विवाह की रोकथाम में सहयोग मिल सके। साथ ही नाबालिग बच्चों के पलायन एवं संभावित मानव तस्करी पर भी रोक लगाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की जिम्मेदारी दी गई। यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति बच्चों को गांव से बाहर काम पर ले जाए, उसकी जानकारी पंचायत एवं पुलिस को दी जाए और रजिस्टर में दर्ज की जाए। प्रदीपन संस्था की कार्यकर्ता पूनम अतुल ने बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में बच्चे इस नंबर पर तुरंत मदद ले सकते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में राकेश मन्नासी और कमलेश ताईवाड़े का विशेष सहयोग रहा। कार्यशाला का आभार विशाल आर्य ने व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button