अमरोहा
अमरोहा में क्लास में घुसकर महिला टीचर को पीटा,
छात्रा के परिजनों पर आरोप, होम साइंस के प्रोजेक्ट को लेकर हुआ था विवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की हसनपुर तहसील के सैदनगली स्थित एक इंटर कॉलेज में होम साइंस की शिक्षिका पर क्लास में हमला किया गया। आरोप है कि एक छात्रा के परिजनों ने लाठी-डंडों से पीटकर शिक्षिका को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार को सीताराम इंटर कॉलेज में हुई। शिक्षिका कमलेश इंटर की छात्राओं को होम साइंस पढ़ा रही थीं, तभी कथित तौर पर एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने क्लास में घुसकर उन पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर कॉलेज स्टाफ और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए। हमले का आरोप छात्रा सिमरन के परिजनों पर लगा है। शनिवार को होम साइंस प्रोजेक्ट बनाने को लेकर शिक्षिका ने छात्रा सिमरन की पिटाई कर दी थी। इसी बात को लेकर छात्रा के परिजन आक्रोशित थे। हमले में गंभीर रूप से घायल शिक्षिका कमलेश को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कॉलेज स्टाफ ने बताया कि हमलावर शिक्षिका को जान से मारने की नीयत से आए थे। प्रधानाचार्य खेमपाल सिंह ने हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। दूसरी ओर, छात्रा के परिजन भी घायल छात्रा सिमरन और उसके दो भाइयों रोहित और अरविंद को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने भी शिक्षिका के खिलाफ पिटाई का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने तीनों का मेडिकल कराया है। थानाध्यक्ष विकास सेहरावत ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




