गाजियाबाद
दरोगा व साथियों पर मजदूर की पिटाई व फर्जी लूट का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंदिरा पुरी पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा प्रशांत कुमार पर एक मजदूर को फर्जी लूट के मामले में फंसाने, चौकी ले जाकर पिटाई करने और बाद में दबंगों के हवाले कर उस पर हमला करवाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर की रात करीब तीन बजे दरोगा प्रशांत अपने परिचित उबैक और विजय के साथ विनीत पुत्र सतेन्द्र गिरी के घर (25 फुटा रोड, सरस्वती रोड, लोनी) पहुंचा। आरोप है कि दरोगा ने विनीत पर 60 रुपये की लूट का फर्जी केस बताते हुए चौकी चलने का दबाव बनाया और उसे चौकी ले आया। वहां विनीत के साथ मारपीट की गई।
इस दौरान विनीत के पिता भी चौकी पहुंचे और बेटे की बेगुनाही की दुहाई दी। पिता ने समझौते के तौर पर पुलिस कर्मियों को कुछ रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि दरोगा ने पिता-पुत्र से जबरन फर्जी लिखित बयान पर हस्ताक्षर करा लिए।
बताया जाता है कि चौकी से मात्र 300 मीटर दूर कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल विनीत को अस्पताल ले जाने के बजाय पहले थाने लाया गया, बाद में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पीड़ित परिवार अपने साथ घटित घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काटता रहा, लेकिन दरोगा की संलिप्तता के कारण शिकायत दर्ज नहीं की गई।
रविवार को मामले की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन (अनाज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा दर्जनों समर्थकों के साथ इंदिरा पुरी पुलिस चौकी पहुंचे और इस मामले में न्याय की मांग की। थाना प्रभारी लोनी बॉर्डर ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।



