मथुरा

मथुरा में मिलावटखोरों पर शिकंजा, 

17 खाद्य नमूने लिए:70 किलो पेड़ा सीज, दीपावली पर्व से पहले अभियान तेज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा में नवरात्र और दीपावली जैसे आगामी पर्वों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मथुरा के आदेश पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में सोमवार को खाद्य सचल दल ने जिलेभर में निरीक्षण कर 17 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। टीम ने विभिन्न स्थानों से पेड़ा, घी, बेसन, खोआ, सरसों का तेल, मिश्रित दूध और कुट्टू के आटे सहित कई खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। इनमें वृंदावन से पेड़े व घी के दो-दो नमूने, मांट से बेसन व घी का एक-एक नमूना, होलीगेट से खोआ का एक नमूना, हरनौल से सरसों का तेल व बेसन का एक-एक नमूना, महोली रोड से मिश्रित दूध का एक नमूना, गोवर्धन से कुट्टू के आटे के दो नमूने, लक्ष्मीनगर से बेसन व सरसों का तेल का एक-एक नमूना, औरंगाबाद से घी का एक नमूना तथा पुष्पांजलि से बेसन व सरसों का तेल का एक-एक नमूना शामिल है। अभियान के दौरान वृंदावन में संदिग्ध गुणवत्ता का 70 किलोग्राम पेड़ा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद, यदि कोई कारोबारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सचल दल के सदस्य जितेंद्र सिंह, भरत सिंह, मोहर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, दलबीर सिंह, अरुण कुमार, रीना शर्मा और रामनरेश खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल थे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी नवरात्र, दशहरा और दीपावली पर्वों को देखते हुए जिलेभर में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button