असम के दरंग जिले में मनाई गई गांधी जयंती।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : असम के दरंग जिला प्रशासन के नेतृत्व में आज मंगलदई स्थित गांधी स्मृति उद्यान में गांधी जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दरंग जिला अधिकारी पराग कुमार काकती और मंगलदई विधान सभा क्षेत्र के विधायक बसंत दास ने गांधी स्मृति उद्यान में स्थित गांधी वेदी पर दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्पांजलि देकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाषण देते हुए विधायक बसंत दास ने महात्मा गांधी की अहिंसा नीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के दिन प्रत्येक विद्यालयों में महात्मा गांधी को याद किया जाना चाहिए और छात्रों-छात्राओं को उनके आदर्शों से अवगत कराया जाना चाहिए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज ऑफ आर्ट्स के प्राचार्य बसंत शैकीय ने महात्मा गांधी के असम भ्रमण और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके नेतृत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने नई पीढ़ी के लिए एक संस्कारी समाज निर्माण हेतु महात्मा गांधी के जीवन और आदर्शों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला अधिकारी पराग कुमार काकती ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में दरंग जिला परिषद की अध्यक्ष शेवाली गोस्वामी, समाजसेवी निलिमा देवी, मुकुल डेका, अरुण बरुआ, सहायक आयुक्त स्मृता श्री बरुआ, चक्र अधिकारी प्रार्थी प्रतिबिम बरुआ आदि उपस्थित थे। आज सुबह दरंग जिला अधिकारी के कार्यालय प्रांगण में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर जिला अधिकारी पराग कुमार काकती ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। गांधी जयंती कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय में स्थिर अनुभाष यंत्र के माध्यम से भजन और भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति भी हुई।



