अमरोहा
अमरोहा में दशहरा पर पुलिस प्रशासन अलर्ट
जिले को 18 सेक्टर, 4 जोन में बांटा; एसपी ने जाना दहन स्थलों का हाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में गुरुवार को दशहरा पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। विजय दशमी के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अमरोहा के एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि जिले को 18 सेक्टर और चार जोन में बांटा गया है। जिले में कुल 25 स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन शाम को होगा। इन स्थलों के आसपास पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। इसके अतिरिक्त, दशहरा मेलों में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। लोगों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी नजर रखी जाएगी। एसपी खुद भी दहन स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। अमरोहा नगर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। शाम को नगर के जे.एस. हिन्दू इंटर कॉलेज में रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर तक क्रेन की मदद से रावण के पुतलों को खड़ा कर दिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर दमकल की गाड़ी भी मौके पर तैनात की गई है।



