गाजियाबाद
त्यौहार से पहले एक दिन और टली ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल
FIFO व्यवस्था लागू, HPCL प्लांट में 3 अक्टूबर को होगी निर्णायक बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ग़ाज़ियाबाद। त्यौहारों के मौके पर सिलेंडर संकट से लोगों को राहत मिली है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल एक दिन और टल गई है और अब उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। शुक्रवार को टीला मोड़ थाने में हुई बैठक में एडिशनल सी पी प्लांट मैनेजर और आल यूपी एलपीजी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई बातचीत में कुछ मुद्दों पर सहमति हुई और बाकी कल होने वाली बैठक में उठाई जायेगी
शिकायतें सुनीं, तुरंत किया समाधान
बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने FIFO (फ़र्स्ट इन–फ़र्स्ट आउट) व्यवस्था न होने, सुरक्षा गार्डों के मनमाने रवैये और लोडिंग में गड़बड़ी की शिकायतें रखीं। अधिकारियों ने तुरंत प्रभाव से FIFO सिस्टम लागू करने का आश्वासन दिया।
एडिशनल सी पी (डीआईजी) ने कहा, “अब हर ट्रक की एंट्री सीरियल नंबर के हिसाब से होगी। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।”
HPCL प्लांट में होगी निर्णायक बैठक
यह भी तय किया गया कि 3 अक्टूबर 2025, सुबह 10 बजे HPCL प्लांट में बड़ी बैठक होगी। इसमें जीएम HPCL, आरएम HPCL, एडीशनल सीपी, प्लांट अधिकारी, सेल्स अधिकारी के साथ आल यूपी एलपीजी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भंवर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार मेहरा, उपाध्यक्ष राजकुमार भाटी, लोकेश शर्मा, महासचिव चुन्नीलाल मिश्रा, सचिव मनीष, कोषाध्यक्ष आर्यन सिंह सहित बड़ी संख्या में परिवहनकर्ता मौजूद रहेंगे।


