बागपत
“राजनीति मेरे लिए सेवा का माध्यम है, पद की सीढ़ी नहीं” — रेनू तोमर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत की राजनीति में महिला सशक्तिकरण की बुलंद आवाज़ मानी जाने वाली रेनू तोमर आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। समाजवादी पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव के पद पर रहकर वह सक्रिय रूप से सेवा में जुटी हुई हैं। इससे पहले वे लंबे समय तक लोकदल महिला मोर्चा बागपत की जिला अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। निवासी — आवास विकास कॉलोनी, बड़ौत, रेनू तोमर ने अपनी साफ-सुथरी छवि, बेबाक अंदाज़ और जमीनी जुड़ाव से राजनीति में अलग पहचान बनाई है।
प्रश्न 1: रेनू जी, आपने लोकदल से शुरुआत कर अब सपा महिला मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर तक सफर तय किया। यह यात्रा कैसी रही?
रेनू तोमर: “यह सफर आसान नहीं था, लेकिन जनता के प्यार और साथ ने मुझे हर मोड़ पर मजबूत बनाया। मैंने राजनीति को हमेशा पद पाने का ज़रिया नहीं, बल्कि समाज की सेवा का माध्यम माना है। महिला मोर्चा के जरिए मैं गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने और उनके अधिकारों के लिए आवाज़ बुलंद करती रही हूँ।”
प्रश्न 2: वर्तमान राजनीति में महिलाओं की भूमिका को आप कैसे देखती हैं?
रेनू तोमर: “आज महिलाएं सिर्फ घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं हैं। पंचायत से लेकर संसद तक, हर जगह महिलाओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता दिखाई है। लेकिन अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाओं को आगे आने के लिए सही दिशा और सहयोग की ज़रूरत है। मैं चाहती हूँ कि महिलाएं केवल वोट बैंक न बनें, बल्कि नीति निर्धारक भी बनें।”
प्रश्न 3: आपने अपने राजनीतिक सफर में सबसे बड़ा संघर्ष किसे माना?
रेनू तोमर: “सबसे बड़ा संघर्ष समाज की पुरानी सोच से था, जहाँ महिलाओं की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। लेकिन मैंने हार नहीं मानी। लगातार मैदान में रही, समस्याएं सुनीं, समाधान के लिए लड़ाई लड़ी। आज वही लोग सम्मान के साथ हमारी बात सुनते हैं।”
प्रश्न 4: आने वाले समय में आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?
रेनू तोमर: “मेरी प्राथमिकता महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाना है। मैं चाहती हूँ कि देश की हर बेटी आत्मविश्वास के साथ खड़ी हो और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाए।”
रेनू तोमर का बेबाक अंदाज़, ज़मीनी जुड़ाव और सेवा की भावना उन्हें राजनीति में एक मजबूत महिला चेहरा बनाते हैं। बागपत की धरती पर उन्होंने जो पहचान बनाई है, वह आने वाली पीढ़ियों की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है।



