उदयपुर फुटबॉल समिति द्वारा टूर्नामेंट का सफल आयोजन, जामताड़ा रानीगंज टीम विजेता
Udaipur Football Committee successfully organised the tournament, Jamtara Raniganj team won.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत उदयपुर फुटबॉल समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया और शानदार खेल प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कदरूडी टीम और जामताड़ा रानीगंज टीम के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने पूरे जोश और दमखम के साथ मैदान में उतरते हुए कांटे की टक्कर दी। निर्धारित समय तक खेल जारी रहने के बावजूद किसी भी टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला और मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद खेल के नियमों के अनुसार पेनल्टी शूटआउट का आयोजन किया गया, जिसमें जामताड़ा रानीगंज की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अधिक गोल दागकर खिताब अपने नाम किया। वहीं कदरूडी की टीम को उपविजेता घोषित किया गया। विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप ₹15,000 नगद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को ₹8,000 की राशि देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में जिला परिषद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता महेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए जयराम महतो समेत कई नेताओं को आड़े हाथों लिया और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ समाज और क्षेत्र के विकास में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद रहे और फाइनल मुकाबले का रोमांचक खेल देख कर उत्साहित दिखाई दिये।


