गांव में बुखार से किसान की मौत, पचास से अधिक बीमार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा कोतवाली हसनपुर। क्षेत्र के गांव नूरपुर खुर्द में बुखार से किसान की मौत हो गई जबकि, पचास से अधिक ग्रामीण बीमार हैं। करीब पंद्रह दिन से गांव में बुखार का प्रकोप है। हर घर में कोई न कोई व्यक्ति बुखार की चपेट में है। कई घरों में सभी सदस्य बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने गांव में कैंप लगाकर दवा वितरण कराने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी 55 वर्षीय मोहनलाल पुत्र गजराज को पिछले सात दिन से बुखार आ रहा था। स्थानीय चिकित्सकों से उपचार के बाद कोई फायदा नहीं हुआ तो परिजनों ने मेरठ में भर्ती कराया। शुक्रवार को उपचार के दौरान मोहनलाल की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। मोहनलाल खेती-किसानी की परिवार की गुजर-बसर करते थे। उनके परिवार में पत्नी व तीन बेटियां हैं। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गांव में पचास से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। कई परिवार तो ऐसे हैं, जिनमें सभी सदस्य बुखार पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गांव में कैंप लगाने की मांग की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा. ध्रुवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में बुखार से मौत की जानकारी नहीं है। माैके पर टीम भेजकर जांच कराने के संग मरीजों को दवा का वितरण कराया जाएगा।


