शादी में दूल्हा न आए जैसा माहौल, मुख्य अतिथि पहुंचे तो कार्यक्रम ने पकड़ी रफ़्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद)। भाजपा की जीएसटी बचत उत्सव गोष्ठी रविवार को लोनी के कारवां वैक्ट हॉल, निशांत कॉलोनी में आयोजित की गई। कार्यक्रम का समय सुबह 10 बजे शुरू होना था, लेकिन मुख्य अतिथि वाई. पी. सिंह (UPSC IDC O) के चैयरमैन के साढ़े तीन घंटे लेट कार्यक्रम में पहुंचने से माहौल ऐसा बन गया जैसे बारात सजकर तैयार थी, पर दूल्हा रास्ता भटक गया हो।
सुबह से ही कार्यक्रम में आमंत्रित लोग समय पर पहुंचकर मुख्य अतिथि के स्वागत की प्रतीक्षा में बैठे रहे। मंच तैयार था, माइक चालू, कुर्सियाँ भरी हुईं — पर सबकी नज़र बस एक दरवाज़े पर टिकी रही, जहाँ से मुख्य अतिथि के आने की उम्मीद थी। कार्यक्रम बिना मुख्य अतिथि के ऐसे आगे बढ़ा जैसे क्रिकेट मैच में कप्तान अनुपस्थित हो — गेंद भी फेंकी गई, पर टॉस कौन जीता, यह किसी को पता नहीं था।
करीब 1:30 बजे, यानी साढ़े तीन घंटे बाद, मुख्य अतिथि वाई. पी. सिंह हॉल में पहुंचे तो जैसे माहौल में नई ऊर्जा आ गई। लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटी और कार्यक्रम ने सचमुच रफ़्तार पकड़ ली। उनके साथ विशिष्ट अतिथि राकेश गुप्ता भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि, दोनों ने मंच से जीएसटी बचत उत्सव के विषय पर विस्तार से आमंत्रित लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएसटी के सही उपयोग से व्यापारी वर्ग और आम उपभोक्ता, दोनों को बड़ा लाभ मिल सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल ने की, जबकि मंच पर भाजपा विधायक नंदकिशोर, ललित शर्मा, रोहित भारद्वाज, अंकुश जैन (मिकू) समेत भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हालाँकि, आमंत्रित जनों के बीच चर्चा का विषय गोष्ठी की विषयवस्तु से ज़्यादा मुख्य अतिथि की देरी रही। किसी ने मुस्कराते हुए कहा — “कार्यक्रम तो बढ़िया रहा, बस वक्त ज़रा ‘जीएसटी’ होकर आया — यानि Goods तो बहुत थे, पर Time सेव नहीं हुआ।”


