गाजियाबाद
संविदा कर्मियों के मीटरों की जांच को लेकर अल्पसंख्यक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
उपभोक्ताओं में बढ़ा रोष
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाज़ियाबाद : आज उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अकबर चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में साहिबाबाद डिवीजन-6 के शालीमार गार्डन बिजली घर के संविदा कर्मियों के घरों के बिजली मीटरों की जांच की मांग की गई।
अकबर चौधरी ने आरोप लगाया कि संविदा कर्मियों के घरों में चार-चार एसी चलने के बावजूद उनके बिजली बिल नाम मात्र के आते हैं, जबकि आम उपभोक्ता खपत कम होने के बावजूद भारी-भरकम बिलों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच मिलीभगत से यह भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।
चौधरी ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले एक मास्टर नामक संविदा कर्मी पर भी गंभीर आरोप लगे थे, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच कर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता के हित में बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
ज्ञापन देने वालों में सौहेल सैफी, कमरूल खां, समीर, मुन्तयाज, एडवोकेट आफराहम खां सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपभोक्ताओं में गहरी नाराज़गी
शहीद नगर और शालीमार गार्डन क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली विभाग शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। उनका कहना है कि विभागीय कर्मी अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मीटरों में गड़बड़ी कर रहे हैं, जिससे उनके अपने घरों के बिल बहुत कम आते हैं, जबकि सामान्य उपभोक्ताओं को अनुचित रूप से अधिक बिल थमाया जा रहा है।
क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि एसडीओ और जेई की चुप्पी इस मिलीभगत को बढ़ावा दे रही है। लोगों ने मांग की है कि बिजली घर में कार्यरत सभी संविदा कर्मियों के मीटरों की तत्काल जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भ्रष्टाचार पर रोक लग सके।


