सुचिस्मिता सेनगुप्ता ने किया महेशपुर प्रखण्ड का दौरा
Suchismita Sengupta visited Maheshpur block

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की प्रतिनिधि नोडल झारखंड सुश्री सुचिस्मिता सेनगुप्ता ने आज महेशपुर प्रखंड का दौरा किया। दौरे के क्रम में उन्होंने दमदमा पंचायत भवन का निरीक्षण किया तथा आदि सेवा केंद्र में उपस्थित आदि साथी, आदि सहयोगी एवं आदि कर्मयोगी के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने ग्राम सभा द्वारा स्वीकृत योजनाओं, विलेज एक्शन प्लान की स्थिति तथा संसाधन मानचित्रण से संबंधित प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आगामी वर्ष 2030 तक के विकास लक्ष्यों के संदर्भ में गाँव में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित कर्मियों को दिशा- निर्देश दिए कि ग्राम स्तरीय योजना निर्माण में अधिक से अधिक समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके पश्चात उन्होंने महेशपुर प्रखंड स्थित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया तथा कार्यों की प्रगति की सराहना की। दौरे के दौरान शहरगाम पंचायत में जेएसएलपीएस की दीदियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। वहाँ आयोजित बैठक में उन्होंने विलेज एक्शन प्लान का अवलोकन किया तथा उपस्थित आदि कर्मियों से आत्मनिर्भर गाँव के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। इस अवसर पर सुश्री सुचिस्मिता सेनगुप्ता ने कहा कि ग्राम स्तर पर जो परिवर्तन हो रहा है, वह सच्चे अर्थों में जन-भागीदारी की पहचान है। आदि कर्मयोगी अभियान केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह आत्मनिर्भरता की सोच को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है। जब गाँव की महिलाएँ, युवा और साथी मिलकर आगे बढ़ते हैं, तब विकास केवल आँकड़ों में नहीं, बल्कि जीवन में दिखता है। सुश्री सेनगुप्ता ने पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “पाकुड़ में जनसहभागिता के माध्यम से जो पहल की जा रही है, वह राज्य और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर उपस्थित सभी कर्मियों को आदि कर्मयोगी शपथ भी दिलाई गई।



