उपायुक्त ने माटी शिल्पकारों के बीच विद्युत चाक का किया वितरण
The Deputy Commissioner distributed electric wheels among clay artisans.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उद्योग विभाग एवं मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, पाकुड़ के तत्वावधान में आज झारखंड माटी कला बोर्ड, रांची द्वारा चयनित माटी शिल्पकारों के बीच विद्युत चाक का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने शिल्पकारों को विद्युत चाक प्रदान करते हुए कहा कि यह पहल माननीय मुख्यमंत्री जी की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि “हमारे जिले पाकुड़ में 40 माटी शिल्पकारों को यह विद्युत चाक प्रदान किया जा रहा है। दीपावली से पूर्व इन उपकरणों के वितरण से शिल्पकारों को अपने कार्यों में नई ऊर्जा और गति मिलेगी। हमारा प्रयास है कि आगामी चरण में 100 से 150 और लाभुकों को इससे जोड़ा जाए। उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) का लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने शिल्पकारों से आग्रह किया कि वे इस योजना से जुड़ें और अपने हुनर को आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाएं। उपायुक्त ने यह भी कहा कि विद्युत चाक का उपयोग करने वाले शिल्पकारों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे यह पहल माटी कला के पुनर्जीवन में सहायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग एवं लघु उद्योग बोर्ड द्वारा अन्य कई योजनाओं का भी लाभ शिल्पकारों को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसकी जानकारी जिला उद्योग केंद्र (DIC) से प्राप्त की जा सकती है।



