हरित प्राण ट्रस्ट द्वारा बड़ौत तहसील परिसर में बनाया गया बर्ड हाउस
पक्षियों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्द्धन की दिशा में सराहनीय पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत (बागपत)। हरित प्राण ट्रस्ट द्वारा आज बड़ौत नगर तहसील परिसर में एक सुंदर और उपयोगी बर्ड हाउस (पक्षी आश्रय स्थल) स्थापित किया गया। ट्रस्ट द्वारा यह पहल पक्षियों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल ने कहा कि “मानव जीवन और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आज तेजी से घटते प्राकृतिक आवासों के कारण पक्षी संकट में हैं। बर्ड हाउस के माध्यम से हम उन्हें एक सुरक्षित ठिकाना देने का प्रयास कर रहे हैं।”
इस विशेष अवसर पर सुभाष जैन, महेंद्र जी, सुरेंद्र मलानिया, मुस्तकीम, आशीष डांगी, विराट, अक्षित बंसल, अनुज जैन और अशोक जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण में अधिक से अधिक योगदान देने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसे बर्ड हाउस लगाए जाएंगे ताकि पक्षियों को सुरक्षित आवास मिल सके और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने में मदद हो।



