गोड्डा
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए अहम निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्य की समीक्षा की गई। बैठक के क्रम में उपायुक्त ने सभी थानों में बेसिक फस्ट एड किट उपलब्ध कराने तथा सभी थानों को बेसिक फस्ट एड किट की ट्रेनिंग दिलवाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। इसके अलावा शहरी ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी को शहर के प्रमुख चौक, चौराहे का विशेष अध्ययन कर एक्शन प्लान तैयार करने एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने व अवैध परिवहन पर रोक लगाने हेतु समय-समय पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा सड़क दुर्घटना के दौरान अस्पताल ले जाने वाले गुड सेमेरिटन को सम्मानित करने का निर्देश दिया गया। ताकि लोगों को जागरूक कर अन्य दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुचाने में मदद कर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचाया जा सके। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि ई-डार ऐप के माध्यम से जिले में दुर्घटना के हॉटस्पॉट्स की पहचान की जाएगी। जहां सड़क हादसे की संभावना अधिक होगी, वहां तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। दुर्घटना स्थल की फोटो खींचकर, वाहन व व्यक्ति से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा, हादसे के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी ऐप के जरिए संपन्न होगा, दुर्घटना से संबंधित सभी सूचनाओं को ई-डार ऐप में समयबद्ध रूप से दर्ज करें, ताकि पीड़ितों को मुआवजा मिलना सरल हो सके। दौरान पुलिस अधीक्षक के द्वारा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से जिले के सभी क्षेत्रों में सभी थाना प्रभारी को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। ताकि लोगों में जागरूकता फैले और वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें। जिससे जिले में हो रही दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इन सबके अलावा बैठक के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार पूर्णेन्दु, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, नगर प्रशासक सह सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद कुमार अग्रवाल संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अन्य पदाधिकारीगण सहित संबंधित थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।



