बरेली
सात इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगीं पुलिस की सात टीमें
नहीं मिले तो संपत्ति होगी कुर्क

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। 26 सितंबर को हुए बवाल में नामजद होने के बाद भागे मौलाना तौकीर रजा के सात करीबियों पर 15-15 हजार रुपये इनाम घोषित होने के बाद उनकी तलाश में पुलिस की सात टीमें लगाई गई हैं। एसएसपी ने संबंधित थानों की पुलिस टीम के साथ एसओजी, सर्विलांस समेत सात टीमों को इनकी तलाश में लगाया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी जल्दी नहीं मिले तो कोर्ट में आवेदन कर इनकी संपत्ति कुर्क कराई जाएगी।
पुलिस के मुताबिक मौलाना तौकीर रजा के इशारे पर 26 सितंबर को शहर में बवाल हुआ था। पुलिस अब तक करीब 86 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अभी कई उपद्रवी भागे हुए हैं। जेल में बंद आईएमसी के पार्षद अनीस सकलैनी को राजनीतिक संरक्षण देने वाला नायाब उर्फ निम्मा, अनीस का बेटा अदनान, दोस्त नदीम और एक गुर्गा बबलू खान भी इनामी आरोपियों में शामिल हैं।
नायाब, बबलू और नदीम बारादरी थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। शाहबाद निवासी अल्तमस रजा, नीम वाली मस्जिद मलूकपुर निवासी अफजाल बेग और मदीना शाह इमामबाड़ा रोहली टोला निवासी साजिद सकलैनी पर भी इनाम घोषित किया गया है।
मौलाना तौकीर की मुश्किलें और बढ़ेंगी
बवाल कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। वर्ष 2019 के मुकदमे में अब तक पुलिस चार्जशीट अटकाए हुए थी। अब यह फाइल दोबारा खोली जा रही है। मौलाना का कोर्ट से रिमांड मांगा गया है।



