
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर मे भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा आयोजित “भारत की मिट्टी-भारत स्वाभिमान क्रांति रथ यात्रा” का गजरौला मार्ग स्थित ब्लॉक तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक संदेश लेकर निकली इस यात्रा का उत्साह देखते ही बन रहा था। बुधवार की दोपहर जैसे ही रथ यात्रा ब्लॉक तिराहे पर पहुंची, तो सैकड़ों की संख्या में मौजूद संघ के कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जयकारों के साथ रथ का भव्य अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल सभी सदस्यों का स्वागत किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बन गया।कार्यकर्ता रथ यात्रा को नगर के अंदर से निकालने का प्रयास कर रहे थे, जिसके कारण मार्ग पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, सूचना मिलते ही कोतवाली क्राइम इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने स्थिति को समझा और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए, इंस्पेक्टर ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर यात्रा को बाईपास मार्ग से होते हुए आगे संभल की ओर रवाना कराया। पुलिस की सूझबूझ से यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही और यात्रा अपने अगले गंतव्य की ओर बढ़ गई। इस मौके पर धीरज सिंह, अशोक अधाना, सत्यपाल सिंह,उदयवीर सिंह, रविंदर, निगम प्रधान, दीपक ,मुनेश, चंद्र, नंद गिरी, मंजू ,मोनी आदि मौजूद रहे।



