करवा चौथ पर बाजार रहा गुलजार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। पति की दीर्घायु और वैवाहिक सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाने वाला करवा चौथ पर्व बाजारों में रौनक लौट आई है। शुक्रवार को मनाए जाने वाले इस पर्व की तैयारियां चरम पर हैं। सुहागिनें जहां सोलह श्रृंगार की तैयारी में जुटी हैं, वहीं बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखते ही बन रहा है। महिलाओं की पसंदीदा साड़ियों से लेकर लेटेस्ट डिजाइनर करवों, चूड़ियों, आभूषणों और मेहंदी के स्टॉलों से बाजार सज गए हैं। हर ओर पारंपरिक रंगों में सजी महिलाओं की चहलकदमी से चौक अमेठी, कोतवाली तिराहा, गुड़ मण्डी के पास जैसे प्रमुख जगहों पर बाजार गुलजार हैं।
इस बार करवा चौथ पर महिलाओं में साड़ियों के नए ट्रेंड का क्रेज देखा जा रहा है। अमेठी ककवारोड स्थित कपड़ा व्यापारी पवन कुमार के अनुसार इस साल ऑर्गेंजा और प्रिंटेड नेट साड़ियों की मांग सबसे अधिक है। पिछले साल जहां बनारसी और फैंसी साड़ियों की बिक्री ज्यादा हुई थी, वहीं इस बार हल्के फैब्रिक और आकर्षक प्रिंट वाली साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हैं
व्यापारी बताते हैं कि बाजार में 700 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक की साड़ियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। डिजाइनिंग साड़ियां, बॉर्डर वाली नेट साड़ियां और डिजिटल प्रिंट्स पर आधारित नए कलेक्शन ने खरीदारों का ध्यान खींचा है। वहीं कुछ महिलाएं अपने करवाचौथ के लुक के लिए डिजाइनर ब्लाउज और मिलते-जुलते दुपट्टों का भी ऑर्डर दे रही हैं।
करवों की दुकानों पर लगी लंबी कतारें लगी रहीं। नगर के हर कोने में करवा चौथ से जुड़े पारंपरिक करवों की बिक्री जोरों पर है। करवा विक्रेता रुस्तम और अनिल तिवारी के अनुसार, “इस बार हमने 40 रुपये से लेकर 300 रुपये तक के डिजाइनर करवे मंगाए हैं। लाल और सुनहरे रंगों के लेटेस्ट डिजाइन महिलाओं को बेहद पसंद आ रहे हैं। कई महिलाएं अपने पूजा थाल और करवों को मैचिंग थीम में सजा रही हैं।”
करवाचौथ की पूजा सामग्री जैसे सोलह श्रृंगार, चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी, बिछुए, पूजन थाल, छलनी और मिट्टी के करवे की खरीद के लिए भी महिलाओं की भीड़ दिनभर बनी हुई है। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
त्योहारी सीजन की शुरुआत करवा चौथ से ही मानी जाती है। कारोबारी वर्ग के लिए यह समय साल के सबसे महत्वपूर्ण अवसरों में से एक है। कपड़ा, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक, मिठाई और पूजा सामग्री के व्यापारियों का कहना है कि इस बार बिक्री उम्मीद से काफी बेहतर है। व्यापारी संघ के अध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल के मुताबिक, “पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन शॉपिंग का प्रभाव बाजारों पर देखा जा रहा था, लेकिन इस बार लोग दोबारा ऑफलाइन खरीदारी की ओर लौटे हैं। इसका कारण त्योहार का भावनात्मक जुड़ाव और दुकानों में मिलने वाला व्यक्तिगत अनुभव है।
महिलाओं में करवा चौथ को लेकर उत्साह चरम पर है। हर महिला चाहती है कि वह इस दिन सबसे सुंदर दिखे और अपने पति की लंबी उम्र की कामना पूरे मनोयोग से करे। बाजारों में खरीदारी करती महिलाओं के चेहरों पर सजी मुस्कान और आंखों में चमक यह दर्शाती है कि करवाचौथ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि प्रेम, आस्था और समर्पण का उत्सव है।

