गाजियाबाद

लोनी में विकास से ज्यादा दिखावे की राजनीति 

आदेशों की अनदेखी, अधिकारी मौन, जनता परेशान, सड़क बेहाल 

भाजपा नेता उतरे मैदान में, विपक्षी दल बने मूकदर्शक 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लोनी। दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर नगर कॉलोनी, शिव विहार मेट्रो स्टेशन, दो नंबर बस स्टैंड और पाभी-सादकपुर के पास थे जलभराव की समस्या अब स्थानीय नागरिकों के लिए अभिशाप बन चुकी है। हर बरसात के बाद सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और तीन पहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं अब आम बात हो गई हैं।
जिला प्रशासन को इस समस्या की जानकारी होते हुए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात से पहले खुद जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण किया था और नगर पालिका परिषद को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव की समस्या से जनता को राहत दिलाई जाए। लेकिन नगर पालिका अधिशासी अधिकारी के.के. मिश्रा के लिए यह आदेश कागजों तक सीमित रह गए। परिणामस्वरूप लापरवाही का खामियाजा लोनी की जनता आज भी भुगत रही है।
इस बीच जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को अपना राजनीतिक मंच बना लिया है। कभी लोनी विधायक तो कभी चैयरमैन अपने-अपने समर्थकों और कैमरों के साथ सड़क पर उतरते हैं, कुछ रोडे डलवाते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और जनता से जल्द राहत दिलाने का वादा करते हैं। लेकिन बारिश होते ही सारी मेहनत बह जाती है और सड़क की हालत जस की तस बनी रहती है।
अब भाजपा नेताओं पवन मावी और ईश्वर मावी ने भी इस मुद्दे पर ताल ठोकते हुए मैदान में उतरने की घोषणा की है। पवन मावी ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की दुर्दशा पर आवाज उठाते हुए समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मावी की नजर लोनी नगर पालिका परिषद की कुर्सी पर टिकी है, और यही कारण है कि उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है।
दिलचस्प बात यह है कि भाजपा को छोड़कर बाकी विपक्षी दल — कांग्रेस, बसपा, सपा, आम आदमी पार्टी और आजाद समाज पार्टी — इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या लोनी की जनता जनप्रतिनिधियों की आपसी खींचतान की शिकार बनती रहेगी, या कभी उन्हें इस सड़क की बदहाली से राहत मिलेगी?
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button