
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। दीपावली से पूर्व बागपत पुलिस ने जिले में अवैध पटाखों की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने सुशील जैन नाम के एक व्यक्ति को 150 किलो से अधिक पटाखों के साथ गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।
थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखों की बड़ी खेप लेकर जा रहा है। सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। तलाशी में 5 पेटी और 3 कट्टे पटाखे बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दीपावली से पहले जिले में अवैध पटाखों की बिक्री व भंडारण पर पूरी तरह प्रतिबंध है। पूर्व में सभी व्यापारियों को चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी नियमों की अवहेलना करते हुए तस्करी करता पकड़ा गया।
पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। कोई भी व्यक्ति कानून तोड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



