गाजियाबाद
निशुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों जरूरतमंदों ने उठाया लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। रविवार को गुलाब वाटिका कॉलोनी की गली नंबर 9 स्थित स्थानक पर अहिंसा परमो धर्म चैरिटेबल ट्रस्ट बड़ौत,व लाला देवी चंद्र ग्रोवर कृत्रिम अंग निर्माण शाला हिसार एवं आर्टिमिंस हॉस्पिटल गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ साध्वी विमल जी महाराज के पावन सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर वार्ड-41 के सभासद अंकुश जैन (मिंकु) का विशेष सहयोग रहा। शिविर का संचालन प्रातः 10 बजे से आरंभ होकर दोपहर 3 बजे तक किया गया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंद नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में निशुल्क कृत्रिम हाथ, पैर (लिंब), पोलियो फ्लिपर्स, व्हीलचेयर, वॉकर तथा कानों की मशीनें उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंगों के लिए नाप लिया एवं सुनने की मशीनें लगाई गईं। इसके अलावा ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्टिंग, ईसीजी और हड्डियों की जांच जैसी सुविधाएं भी प्रदान की गईं।भाजपा नेता डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने शिविर स्थल पर पहुंचकर इस आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन नगर पालिका क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए आयोजकों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि ऐसे शिविर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।



