
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव आगापुर उर्फ याकूबपुर में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचाई है। हसनपुर-डगरपुरी मार्ग स्थित गांधी वाले बाग में अज्ञात लोगों ने आधा दर्जन से अधिक हरे-भरे आम के पेड़ों पर आरा चला दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस तरह खुलेआम पेड़ों की कटाई वन विभाग की कथित मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उनका कहना है कि यदि अवैध कटाई इसी तरह जारी रही, तो वह दिन दूर नहीं जब क्षेत्र में छाया और हरियाली के लिए पेड़-पौधे नहीं बचेंगे। वन विभाग का इस मामले में ‘गुमसुम’ रहना संदेह पैदा करता है।
जब इस संबंध में वन दरोगा राजवीर सिंह से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि “जांच चल रही है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अवैध कटाई रुकने तक वन विभाग की कार्यशैली सवालों के घेरे में रहेगी।



