गाजियाबाद
69 दिन बीतने के बाद भी सीवर जाम की समस्या जस की तस
अनिल भारती ने मुख्यमंत्री को लिखा खुला पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
राष्ट्रवादी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनिल भारती ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को एक खुला पत्र लिखकर दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही पर अपनी कड़ी नाराज़गी जताई है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि दिल्ली के नागरिक पत्रकार सुशील खन्ना (ए-11, ग्राम सभा सेवक पार्क, मेट्रो पिलर 770 के सामने, नजफगढ़ रोड, नई दिल्ली–110059) ने 5 अगस्त 2025 को सीवर जाम की शिकायत संख्या DJB003002930 के तहत अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बावजूद 69 दिन बीत जाने पर भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
अनिल भारती ने अपने पत्र में लिखा कि शिकायतकर्ता ने कई बार (13, 15 और 17 अगस्त को) दूरभाष नंबर 9650291021 पर संपर्क किया, लेकिन हर बार केवल यह जवाब मिला — “रिमाइंडर भेज दिया गया है, कृपया इंतज़ार करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित जे.ई. अधिकारी को लगभग 30 बार कॉल करने के बावजूद उन्होंने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा।
अनिल भारती ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख माँगें की हैं
संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई की जाए।
दिल्ली जल बोर्ड की शिकायत प्रणाली को तकनीकी रूप से अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाया जाए।
जनता की मूलभूत सुविधाओं को केवल “रिमाइंडर” के भरोसे न छोड़ा जाए।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि “दिल्ली की जनता को अब बहाने नहीं, समाधान चाहिए। यदि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है, तो यह मामला उसकी कार्यशैली की परीक्षा बनेगा।”


