गाजियाबाद
राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुकानदारों का अवैध कब्जा
त्योहारों में जाम से जनता परेशान पुलिस और नगरपालिका के अधिकारी अनजान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाज़ियाबाद)। लोनी क्षेत्र के पाभी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जे ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़क किनारे फैले दुकानों के सामान और खड़े वाहनों की वजह से लोगों को रोज़ाना भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
त्योहारों के सीजन में यह समस्या और बढ़ गई है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ और सड़क तक पर कब्जा जमा रखा है। कई स्थानों पर तो दुकानदारों ने सामान सड़क तक फैला दिया है, जिससे वाहनों के लिए रास्ता बेहद संकरा रह गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध कब्जा पुस्ता पुलिस चौकी से लेकर ट्रोनिका सिटी थाने तक के क्षेत्र में पूरी तरह फैला हुआ है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस चौकी और नगर पालिका अधिकारियों की नज़रों के सामने हो रहा है, लेकिन कार्यवाही का अभाव लोगों में रोष पैदा कर रहा है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक, कई बार शिकायत के बावजूद न तो पुलिस ने कार्यवाही की है और न ही नगर पालिका परिषद के अधिकारी यहा सक्रिय दिख रहे हैं।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, “त्योहारों के दौरान हर दिन जाम लग रहा है, बच्चों को स्कूल और लोगों को दफ्तर पहुंचने में घंटों लग जाते हैं। प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।”
लोगों का कहना है कि नगर पालिका और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय की कमी के कारण अवैध कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हैं। दुकानदार राष्ट्रीय राजमार्ग के बिल्कुल किनारे तक अपना सामान फैला देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम आम बात बन गई है।
जनता अब सवाल पूछ रही है कि
क्या प्रशासन त्योहारों के बीच राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा?
क्या अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी?
या फिर यह समस्या यूं ही बनी रहेगी और लोग जाम में फंसे रहेंगे?
अब देखना यह है कि नगर पालिका और पुलिस प्रशासन कब तक इस समस्या की अनदेखी करता है — और क्या लोनी के नागरिकों को इस अवैध कब्जे से जल्द मुक्ति मिल पाएगी या नहीं, यह तो समय ही बताएगा।



