
पहली बार सिंगरौली जिला कलेक्टर कार्यालय में पहुंचे 5 सैकड़ा से अधिक आवेदक, बना ऐतिहासिक जनसुनवाई
जनता की उम्मीदों पर खरे उतर सकते है कलेक्टर गौरव बैनल !
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले में हर मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई इस बार कुछ अलग और ऐतिहासिक रही। नए जिला कलेक्टर गौरव बैनल की सक्रियता और जनता से सीधा संवाद करने की पहल का असर मंगलवार को स्पष्ट दिखाई दिया। जिले में नये कलेक्टर के आते ही सिंगरौली की जनता में एक उम्मीदों का सैलब उमड़ पड़ा। कलेक्टर के सरकारी आवास में रहने के निर्णय और कंपनियों की सुख सुविधाओं को न लेकर सरकारी आवास में ही रहना पसंद किया, जिससे लोगों के बीच अपनी अलग ही छवि बनायी। तेज तर्रार और लोगों के प्रति अच्छी संवेदना रखने के कारण कलेक्टर की जनसुनवाई में लोगों में अपने अटके हुये कार्योें के होने की आस जाग पड़ी और लोग अपनी-अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ये सिलसिला लगातार देर शाम तक चलता रहा। कलेक्टर की जनसुनवाई में देखने को मिला जहां पांच सैकड़े से अधिक लोग अपनी परेशानियों को लेकर समाधान की उम्मीद में कलेक्टर के पास पहुंचे। जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या मानी जा रही है। जहां कलेक्टर ने भी उनको सहसम्मान बैठाकर उनकी परेशानियों को सुना। जिससे लोगों में ख़ुशी का माहौल देखने को मिला।
अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने न केवल सभी आवेदकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा होना चाहिए। कलेक्टर ने जनसुनवाई में विभागीय अधिकारियों को कड़े शब्दों में हिदायत दी कि शिकायतों को केवल कागजों में न रखें, बल्कि मैदान में जाकर समस्याओं का वास्तविक समाधान करें। उन्होंने हर आवेदन की गंभीरता को समझते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी और कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई तय है।
मूलभूत समस्या लेकर पहुंचे आवेदक
जनसुनवाई में ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक से लोग पहुंचे थे। कुछ लोग सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं लेकर आए थे तो कई लोगों ने राजस्व, खनिज, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। कुछ मामलों में लंबे समय से अटकी समस्याओं को लेकर आवेदकों ने उम्मीद जताई कि नए कलेक्टर के कार्यकाल में उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।
आवेदकों से आमने सामने बैठा कर सुनी समस्या
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल का व्यवहार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से सामना-सामनी बातचीत की और समस्याओं को गहराई से समझने का प्रयास किया। कई लोगों ने बताया कि पहली बार उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी बातों को गंभीरता से सुना जा रहा है और अधिकारी मौके पर ही समाधान के लिए कदम उठा रहे हैं जनता में इस ऐतिहासिक जनसुनवाई के बाद खुशी और उम्मीद का माहौल देखा गया। लोगों ने कहा कि यदि इसी प्रकार से प्रशासन काम करता रहा तो जिले की कई पुरानी समस्याओं का समाधान जल्द संभव होगा।



