
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद में मंडी धनौरा सर्किल के गजरौला थाना क्षेत्र में एक किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन बच्चों के पिता ने सरकारी मदद दिलाने का झांसा देकर किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।यह घटना गजरौला शहर के एक मोहल्ले की है। किशोरी की दादी ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने उनकी पौत्री को उसके पिता की मौत पर सरकार से एक लाख रुपये दिलाने का झांसा दिया था। इसी बहाने उसने किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया।आरोपी ने कथित तौर पर किशोरी का फर्जी आधार कार्ड और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बनवाया। इसके साथ ही उसने नाबालिग पौत्री के साथ निकाह की एक रसीद भी तैयार कराई। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी को किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।किशोरी की दादी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी परवेज अली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस संबंध में सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



